Ad Code

17 वर्षीय लकी ने जेईई मेंस में 99.634 पर्सेंटाइल हासिल कर बढ़ाया जिले का मान, शुरू से ही मेधावी रहे लकी को बोर्ड में मिले थे सौ में सौ, डुमरांव से ही हुई थी प्रारंभिक शिक्षा


बक्सर । डुमराँव प्रखंड के पुराना भोजपुर गाँव के होनहार छात्र लकी राज ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेंस में 99.634 पर्सेंटाइल हासिल कर जिले के टॉप सफल अभ्यर्थियों में स्थान बनाया है। मात्र 17 वर्ष की उम्र में मिली इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।।लकी के पिता राकेश कुमार केशरी एक डीलरशिप व्यवसायी परिवार हैं। उनकी माता वंदना देवी गृहिणी हैं। लकी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डुमरांव से ही प्राप्त की। उन्होंने दसवीं की पढ़ाई कैम्ब्रिज स्कूल से पूरी की, जहां वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे। 



विद्यालय ने दो बार किया था सम्मानित

वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 95.24 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। खास बात यह रही कि गणित विषय में उन्होंने शत-प्रतिशत (100 में 100) अंक हासिल किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यालय द्वारा उन्हें दो बार सम्मानित किया गया तथा अकादमिक अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। दसवीं के बाद लकी ने उच्च स्तरीय तैयारी के लिए कोटा का रुख किया, जहां उन्होंने जेईई की तैयारी को नई दिशा दी। वर्तमान में वे बारहवीं की पढ़ाई भी कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव से ही कर रहे हैं। उनकी सफलता के पीछे परिवार का सहयोग और उनकी निरंतर मेहनत अहम रही है। बड़े पिताजी बीरेंद्र प्रसाद केशरी और दादा भोला केशरी ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताया है।






कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़े पद पर काम करने का फैसला

लकी का सपना देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी से कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई कर कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़े पैमाने पर कार्य करने का है। वे मानते हैं कि तकनीकी क्षेत्र में नवाचार और कॉर्पोरेट जगत में काम कर भी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। जहां अधिकांश छात्र यूपीएससी या बीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं को लक्ष्य बनाते हैं, वहीं लकी ने अलग राह चुनने का निर्णय लिया है। उनका विश्वास है कि ईमानदारी और समर्पण के साथ निजी क्षेत्र में भी समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। लकी की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि डुमरांव और पुराना भोजपुर क्षेत्र के लिए भी प्रेरणादायक बन गई है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े सपने देखकर उन्हें साकार कर सकते हैं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu