Ad Code

रेल यात्री से लूट मामले का उद्भेदन, चार आरोपी गिरफ्तार


बक्सर । रेल थाना बक्सर क्षेत्र में महिला यात्री से हुई लूट की घटना का रेल पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लूट की नकदी, आभूषण, चाकू और लाइट गन जैसा पिस्टल बरामद किया गया है। यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर की गई।



रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पटना से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेल थाना बक्सर कांड संख्या 28/26 के तहत दर्ज मामले में यह सफलता मिली है। घटना 7 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे की है, जब गाड़ी संख्या 53262 बक्सर–पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पैसेंजर ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री से स्टेशन के आसपास लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने पीड़िता से नकदी व आभूषण छीन लिए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्यपुर गुमटी नंबर-01 (झारखंड) निवासी विशेष पाठक (25), नगर थाना क्षेत्र के पीपी कॉलेज रोड निवासी भोले शंकर पासवान उर्फ योगेश कुमार (19), खेरनिया निवासी रोहित कुमार तथा नालबंद टोली निवासी अमित वर्मा (32) के रूप में हुई है।




तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तीन जोड़ी पायल, एक चांदी की नथ, एक चाकू, लाइट गन जैसा पिस्टल तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

रेल पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही कांड का स्पीडी ट्रायल कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों की सराहना की है। इस सफल कार्रवाई से रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है और अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि रेलवे क्षेत्र में अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu