Ad Code

धनसोई बाजार में ज्वेलरी दुकान से 20 लाख की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल



बक्सर । धनसोई बाजार में रविवार देर रात हुई बड़ी चोरी की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार ग्रामीण बैंक के समीप स्थित एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील सेठ के पुत्र बिट्टू वर्मा की ‘मां मुंडेश्वरी ज्वेलर्स’ नामक दुकान रविवार रात बंद थी। इसी दौरान चोर पीछे की ओर से कटरे के रास्ते दुकान में घुसे और शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने अलमीरा को काटकर उसमें रखे लगभग चार किलो चांदी और करीब सौ ग्राम सोने के आभूषण निकाल लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पहचान से जुड़े साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, हार्ड डिस्क और मदरबोर्ड भी अपने साथ ले गए। सोमवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा शटर, क्षतिग्रस्त अलमीरा और खाली शोकेस देखकर उनके होश उड़ गए।





सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

घटना से आक्रोशित बाजार के व्यवसायियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित निगरानी के अभाव में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वहीं पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu