बक्सर । जिलाधिकारी साहिला ने बुधवार को बक्सर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया।
दलसागर खेल मैदान के समीप पहुँच पथ का निरीक्षण करते हुए डीएम ने मार्ग में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को शीघ्र हटाने हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देशित किया। साथ ही पहुँच पथ की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
चुरामनपुर बहुउद्देशीय परिसर में स्थित पंचायत सरकार भवन एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीएम ने इसके सुचारू संचालन पर बल दिया। उन्होंने जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन बक्सर को समन्वय स्थापित कर सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित कराने का निर्देश दिया।
आईटीआई मैदान में निर्माणाधीन अटल कला भवन फाउंडेशन के कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता, भवन निर्माण निगम को निर्माण कार्य समय पर पूर्ण कराने का सख्त निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त आईटीआई मैदान की चहारदीवारी के रंग-रोगन, दीवार लेखन, आसपास के अवैध अतिक्रमण को हटाने एवं पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित कराने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
आगामी महोत्सव को ध्यान में रखते हुए डीएम ने किला मैदान का भी निरीक्षण किया। विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन के मद्देनज़र वाहन पार्किंग के लिए चिन्हित स्थल को शीघ्र विकसित करने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को दिया, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर बल दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments