Ad Code

बक्सर में केंद्रीय विद्यालय को मिली भूमि, सदर विधायक आनन्द मिश्रा के प्रयासों से खुला स्थायी भवन निर्माण का मार्ग


बक्सर । जिले के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। वर्ष 2003 में स्थापना के बाद से विद्यालय की कक्षाएं अस्थायी रूप से एम.पी. हाई स्कूल परिसर में संचालित हो रही थीं। अब भूमि उपलब्ध होने से विद्यालय को स्थायी स्वरूप प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र की शैक्षणिक उन्नति को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।



इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद बक्सरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने मिठाई बांटकर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी कदम बताया।

सदर विधायक आनन्द मिश्रा ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि माननीय मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व तथा शिक्षा मंत्री की विशेष प्राथमिकता और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की शिक्षा-उन्मुख नीतियों एवं संकल्पबद्धता के कारण वर्षों से लंबित मांग आज पूरी हो सकी है।

विधायक आनन्द मिश्रा ने स्मरण कराया कि चुनाव जीतने से पूर्व ही उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने का संघर्ष प्रारंभ कर दिया था। जनता से किया गया उनका संकल्प था कि चुनाव परिणाम के सौ दिनों के भीतर भूमि आवंटन का प्रयास किया जाएगा। उसी प्रतिबद्धता और जनहित के प्रति समर्पित प्रयासों के फलस्वरूप यह कार्य साकार हुआ है।







उन्होंने जिला पदाधिकारी के सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी परिणामोन्मुख पहल से प्रक्रिया को ठोस दिशा मिली। साथ ही अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया, जिनके समन्वय से कार्य समयबद्ध रूप से आगे बढ़ सका। विद्यालय परिवार, विशेषकर प्राचार्या के सहयोग के लिए भी उन्होंने आभार व्यक्त किया तथा पूर्व में इस मुद्दे को लेकर प्रयासरत सभी सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।

विधायक आनन्द मिश्रा ने कहा कि अब अगला लक्ष्य एक भव्य, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त विद्यालय भवन का निर्माण है। इसके लिए शीघ्र ही विभागीय स्तर पर पहल शुरू की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निकट भविष्य में केंद्रीय विद्यालय बक्सर में शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनकर उभरेगा और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu