बक्सर । कोपवा धाम स्थित मां काली मंदिर एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहा। बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत इस प्रसिद्ध धाम में सोमवार की रात्रि 47वें अमावस्या मासिक महाअनुष्ठान का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
प्रत्येक अमावस्या तिथि पर यहां विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जाता है। 47वें महाअनुष्ठान के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। बनारस से पधारे पंडित सुशील शास्त्री के नेतृत्व में संध्या काल भव्य आरती संपन्न हुई, जिसके बाद विधिवत पूजन प्रारंभ हुआ। अनुष्ठान में कोलकाता से आए आचार्यों ने भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सहभागिता निभाई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
अनुष्ठान में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने मां काली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान मंदिर कमेटी की ओर से पोलस्त कुमार (डुमरांव डीएसपी), सभी आचार्यों एवं गणमान्य अतिथियों को शॉल और माता की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
मंदिर कमेटी ने बताया कि प्रत्येक अमावस्या पर भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी, खीर, सब्जी एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया जाता है। कमेटी ने 108 अमावस्या तक इस मासिक महाअनुष्ठान को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया है, ताकि कोपवा धाम को एक प्रमुख शक्तिपीठ के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमिताभ कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, अरुण सिंह पहलवान, प्रदीप कुमार सिंह उर्फ प्रिंस सिंह, करिया सिंह, सोनू यदुवंशी, रामेश्वर सिंह, लल्लू सिंह, बिहारी सिंह सहित समस्त ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments