Ad Code

डाक चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को मिली डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी



बक्सर । भारतीय डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बक्सर डाक प्रमंडल द्वारा चुरामनपुर उप डाकघर अंतर्गत सारीमपुर शाखा डाकघर में डाक चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल के माध्यम से ग्रामीण जनता को डाकघर से मिलने वाली विभिन्न सेवाओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

डाक चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने अपने संबोधन में बताया कि बिहार सर्किल से प्राप्त निर्देशों के आलोक में पूरे सर्किल में इस तरह के डाक चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की अधिकांश दैनिक आवश्यकताओं को यदि एक ही छत के नीचे पूरा करना हो तो डाकघर से बेहतर कोई विकल्प नहीं है।


उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना को बेटियों के लिए सबसे उत्तम योजना बताते हुए कहा कि जन्म से 10 वर्ष तक की बच्चियों के नाम से खाता खोलकर उनकी शिक्षा एवं विवाह के लिए सुरक्षित भविष्य तैयार किया जा सकता है। इसके साथ ही डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा को कम प्रीमियम में अधिक बोनस देने वाली भरोसेमंद योजनाएं बताया, जिनका लाभ ग्रामीण जनता भी आसानी से उठा सकती है।

डाक अधीक्षक ने यह भी बताया कि आज आधार कार्ड बनवाने से लेकर विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट आवेदन तक की सुविधा डाकघर में सरलता से उपलब्ध है। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधार बनाने की विशेष व्यवस्था भी डाकघर द्वारा की जा रही है।
इस डाक चौपाल के दौरान 42 बच्चों का आधार कार्ड बनाया गया, 60 लोगों के आधार में मोबाइल नंबर लिंक किए गए, 1130 डाक बचत बैंक (POSB) खाते खोले गए, 45 इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) खाते खोले गए तथा 12 लोगों के IPPB खातों का केवाईसी अपडेट किया गया।





कार्यक्रम में बक्सर प्रमंडल की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता, बक्सर केंद्रीय अनुमंडल के सहायक डाक अधीक्षक नवीन कुमार, डाक अधिदर्शक उदय प्रकाश, शशांक कुमार, सारीमपुर शाखा डाकघर के शाखा डाकपाल बरमेश्वर राय, शाखा डाकपाल वीरेंद्र उपाध्याय, पंचदेव मिश्रा, सुभांकर कुमार, सिद्धांत कुमार, चुरामनपुर उप डाकघर के सभी ग्रामीण डाकसेवक तथा सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित रही।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu