बक्सर । स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में समाजसेवी स्वर्गीय रामसूरत राय की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जरूरतमंदों के लिए जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऐप्टेक सह स्मृति कॉलेज परिसर में विधिवत पूजन के उपरांत स्व. राय के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार व्यक्त करते हुए शिक्षाविद् सह समाजसेवी डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि स्व. रामसूरत राय गुप्तदान को महादान मानने वाले समाजसेवी थे। वे गरीब एवं असहाय लोगों की शिक्षा और विवाह में सहायता कर समाज में एक मिसाल बने। समाज उन्हें आज भी एक आदर्श के रूप में देखता है और उनकी कार्य संस्कृति का अनुसरण वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है।
डी.एस. ओझा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों में युवाओं की सहभागिता से उनमें महापुरुषों एवं पूर्वजों के प्रति सम्मान भाव विकसित होता है, साथ ही जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरणा भी मिलती है। डॉ. कुमार ने कहा कि संस्कारवान पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभा सकती है। वहीं डॉ. उषा कुमारी ने कहा कि आज के दौर में युवतियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है और समाज व परिवार के निर्माण में एक आदर्श नारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल, शॉल, साड़ी, जैकेट, टी-शर्ट तथा खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। पंडितपुर मुसहर टोली में वितरण के दौरान वहां की जीवन स्थिति को देखकर डॉ. रमेश कुमार सपरिवार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वहां की गंदगी, अशिक्षा और रहन-सहन की स्थिति को देखते हुए जनप्रतिनिधियों एवं सरकार को ऐसे वर्गों के जीवन स्तर में सुधार के लिए अभी बहुत कार्य करने की आवश्यकता है।
जिला बार एसोसिएशन बक्सर के पूर्व महासचिव सह वरीय अधिवक्ता शिव प्रकाश नारायण ने कहा कि पूर्वजों को स्मरण कर उनके आदर्शों को आत्मसात करना और अधूरे कार्यों को पूरा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि विगत 19 वर्षों से डॉ. रमेश कुमार निरंतर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाजसेवा कर एक आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं। शिक्षा, क्रीड़ा, समाजसेवा के साथ-साथ आध्यात्मिक कार्यों में भी उनका योगदान सराहनीय है।
इस अवसर पर अजीत चौबे, दयाशंकर ओझा, डॉ. उषा कुमारी, विवेक आनंद, रोहित कुमार, राजेन्द्र, साक्षी, रश्मि, श्रेया, अनुप्रिया, आलोक, सोनल, आकांक्षा, शिवम्, जिज्ञासा, कृतिका, अनुराधा, सुप्रिया, महीप, राहुल, महफूज, आयान सहित दर्जनों लोगों ने स्व. रामसूरत राय को श्रद्धांजलि अर्पित की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments