Ad Code

मनरेगा के नाम व स्वरूप से छेड़छाड़ के विरोध में कांग्रेस का एकदिवसीय उपवास


बक्सर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रविवार को बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में एकदिवसीय शांतिपूर्ण उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कार्यालय के समक्ष सड़क पर आयोजित हुआ। उपवास का मुख्य उद्देश्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम एवं उसके मूल स्वरूप में बदलाव की चर्चाओं का विरोध करना था।

उपवास कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, डॉ. प्रमोद ओझा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और मनरेगा मजदूर शामिल हुए।

उपवास के समापन पर सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि मनरेगा किसी सरकार की कृपा नहीं, बल्कि देश के गरीबों और श्रमिकों का कानूनी अधिकार है। इसके नाम या स्वरूप से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में यूपीए सरकार ने मनरेगा लागू कर ग्रामीण गरीबों को रोजगार की गारंटी दी थी, जिससे बेरोजगारी, भुखमरी और पलायन पर प्रभावी रोक लगी थी, लेकिन आज केंद्र सरकार की नीतियों से यह ऐतिहासिक योजना कमजोर की जा रही है।




डॉ. पांडेय ने आरोप लगाया कि मनरेगा का नाम बदलने का प्रयास संविधान की धर्मनिरपेक्ष भावना के खिलाफ है। उन्होंने सवाल उठाया कि मजदूरों को समय पर मजदूरी क्यों नहीं मिल रही है, काम के अवसर क्यों घटाए जा रहे हैं और बजट में लगातार कटौती क्यों की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नाम बदलने से न रोजगार बढ़ेगा और न ही गरीबों की स्थिति सुधरेगी।

पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी और विश्वनाथ राम ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम के साथ राजनीतिक प्रयोग लोकतंत्र के लिए खतरा है। डॉ. प्रमोद ओझा ने मनरेगा को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए इसके मूल स्वरूप से किसी भी समझौते को अस्वीकार्य बताया।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें मनरेगा का नाम एवं स्वरूप यथावत रखने, मजदूरों को समय पर पूरी मजदूरी देने, काम मांगने पर काम की गारंटी सुनिश्चित करने तथा बजट में वृद्धि की मांग शामिल है।
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और राष्ट्रपति के नाम पोस्टकार्ड भेजकर मनरेगा को मजबूत बनाए रखने की मांग की जाएगी। चेतावनी दी गई कि यदि मनरेगा से छेड़छाड़ जारी रही तो कांग्रेस सड़क से संसद तक आंदोलन करेगी।

उपवास कार्यक्रम में कामेश्वर पांडेय, डॉ. सत्येंद्र ओझा, संजय कुमार पांडेय, भोला ओझा, निर्मला देवी, पंकज उपाध्याय, अभय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu