Ad Code

श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में नई न्यास समिति के गठन के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू

 


बक्सर । सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री रामेश्वर नाथ मंदिर, रामरेखा घाट, बक्सर एक निबंधित सार्वजनिक धार्मिक न्यास है, जिसका निबंधन संख्या 4079 है। वर्तमान न्यास समिति का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और नई न्यास समिति का गठन बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के समक्ष विचाराधीन है।




माननीय उच्च न्यायालय, बिहार, पटना द्वारा सीडब्ल्यूजेसी संख्या-17322/2022 में दिनांक 23 जुलाई 2024 को राज्य के सभी मठ, मंदिर एवं ठाकुरबाड़ी में न्यास समिति के गठन का निर्देश दिया गया है। इसके आलोक में अपर समाहर्ता, बक्सर तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना द्वारा भी श्री रामेश्वर नाथ मंदिर की नई न्यास समिति के गठन का निर्देश जारी किया गया है। विदित हो कि अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर इस न्यास समिति के पदेन अध्यक्ष हैं तथा चयन प्रक्रिया पूर्ण करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

इसी क्रम में श्री रामेश्वर नाथ मंदिर, रामरेखा घाट, बक्सर की 11 सदस्यीय न्यास समिति के गठन हेतु उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए बक्सर जिले के ऐसे इच्छुक पुरुष एवं महिला नागरिक आवेदन कर सकते हैं, जिनका चरित्र स्वच्छ हो, कोई आपराधिक इतिहास न हो तथा जो मंदिर या मठ से प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से लाभान्वित न होते हों। आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।

पूर्व में प्राप्त कुछ आवेदन अपूर्ण एवं विहित प्रपत्र में नहीं होने के कारण अमान्य माने गए हैं। ऐसे सभी आवेदकों को पुनः निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करने का निर्देश दिया गया है।

इच्छुक अभ्यर्थी समाचार पत्र में सूचना प्रकाशन की तिथि के बाद से 24 जनवरी 2026 को अपराह्न 5 बजे तक निबंधित डाक के माध्यम से अथवा स्वयं उपस्थित होकर अनुमंडल कार्यालय, बक्सर में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन विहित प्रपत्र में सभी आवश्यक अनुलग्नकों के साथ करना अनिवार्य होगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu