Ad Code

धान की भूसी की आड़ में ले जाई जा रही थी शराब, बक्सर पुलिस ने ट्रक से 7,866 लीटर विदेशी शराब की जब्त


बक्सर । शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बक्सर पुलिस को गुरुवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन के पास सघन वाहन जांच के दौरान धान की भूसी की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब लदा एक ट्रक जब्त किया गया। इस कार्रवाई में कुल 7,866.72 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि ट्रक चालक और खलासी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ डुमरांव पोलस्त कुमार ने बताया कि बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य को सूचना मिली थी कि हरियाणा से विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर एक ट्रक उत्तर प्रदेश के रास्ते बक्सर होते हुए गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और नया भोजपुर फोरलेन पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक (संख्या MP09 DS 7744) को रोका गया। प्रारंभिक तलाशी में ट्रक धान की भूसी से भरा प्रतीत हुआ, लेकिन जब गहराई से जांच की गई तो भूसी के बीचों-बीच विदेशी शराब की पेटियां छिपी हुई मिलीं। भूसी हटाते ही शराब की भारी खेप सामने आई, जिसे देख पुलिस टीम भी चौंक गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लील सिंह (पिता पदम सिंह), ग्राम आकुरा तथा जुंजार सिंह (पिता कुंप सिंह), ग्राम रामदेरिया, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने हरियाणा से शराब की खेप लाने की बात स्वीकार की है, हालांकि डिलीवरी प्वाइंट के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है।

पुलिस ने ट्रक समेत शराब की खेप को विधिवत जब्त कर नया भोजपुर थाने में कांड दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि शराब बिहार में खपाने की योजना थी। मामले से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की तलाश तेज कर दी गई है।

इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक सह थानाध्यक्ष चंदन कुमार, अवर निरीक्षक सुमन कुमार, एएसआई मो. शाहिद सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ आगे भी जारी रहेगा। वहीं एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में शराब तस्करों को पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu