बक्सर । डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग एक अरब रुपये से अधिक की राशि से कराए गए विभागीय कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोप है कि मानकों की अनदेखी कर सड़कों व अन्य विकास कार्यों का निर्माण कराया गया, जिसका नतीजा यह रहा कि एक ओर नई सड़कें बनती दिखीं तो दूसरी ओर वे कुछ ही समय में टूटने लगीं।
मानक की अनदेखी और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाना चाहिए था, उन्हें जानबूझकर कई हिस्सों में बांटकर विभागीय स्तर पर कराया गया। विधायक के अनुसार यह प्रक्रिया न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका को भी जन्म देती है।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद क्षेत्र के कुछ ऐसे इलाकों में सड़क निर्माण दिखाया गया है, जहां आबादी तक नहीं है और आम लोगों का आना-जाना भी नहीं होता। बावजूद इसके, वहां विभागीय कार्य दर्शाकर सड़क बना दी गई। स्थानीय लोगों के हवाले से उन्होंने कहा कि जमीन की कीमत बढ़ाने और भू-माफियाओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के कार्य कराए गए हैं।
विधायक द्वारा खुले तौर पर लगाए गए इन आरोपों के बाद नगर परिषद के अधिकारियों और कार्य कराने वाले संवेदकों में हड़कंप मच गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments