बक्सर । शुक्रवार को जिला पदाधिकारी बक्सर सह जिला रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु) की अध्यक्षता में जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रीकरण कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों के क्षमतावर्द्धन हेतु जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक मोती कुमार दिनकर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु), बक्सर थे। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर रजिस्ट्रार द्वारा जिला पदाधिकारी-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु) को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में हेमंत कुमार चौबे, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, इटाढ़ी तथा अभय प्रताप सिंह, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी कार्यालय बक्सर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रीकरण के महत्व, प्रशासनिक ढांचा, रजिस्ट्रीकरण खंड, रजिस्ट्रार की नियुक्ति, अनुज्ञा, विशेष कार्यपालक दंडाधिकारी के आदेश, विलंब पंजीकरण, त्रुटि सुधार, प्रावधानों के उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान सहित जन्म एवं मृत्यु से संबंधित सभी प्रपत्रों की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही जन्म एवं मृत्यु अधिनियम 1969, जन्म एवं मृत्यु अधिनियम 2023, बिहार राज्य जन्म एवं मृत्यु अधिनियम 1999 तथा संशोधित नियमावली 2025 के प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। बक्सर जिले में जीवनांक उपलब्धि की स्थिति की समीक्षा करते हुए dc.crsorgi पोर्टल पर निबंधन की तकनीकी जानकारी भी प्रशिक्षणार्थियों को दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का नियमसंगत समाधान भी किया गया।
जिला स्तरीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बक्सर, उपाधीक्षक-सह-रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु) सदर एवं अनुमंडल अस्पताल, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments