बक्सर । जिले में किसान रजिस्ट्री अभियान को प्रभावी ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बक्सर की अध्यक्षता में अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला कृषि पदाधिकारी, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी (डीसीएलआर) तथा सभी प्रखंडों के प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) एवं सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने किसान रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी कार्य को “मिशन मोड” में संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर किसानों का पंजीकरण कराया जाए।
इसके साथ ही प्रत्येक प्रखंड में तत्काल ब्लॉक स्तरीय मॉनिटरिंग सेल की स्थापना करने का निर्देश दिया गया, जो प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक कार्यों की निगरानी करेगा। जिला स्तर पर भी कंट्रोल एवं मॉनिटरिंग सेल गठित किए जाने की जानकारी दी गई, जो फील्ड में कार्यरत कर्मियों को आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान करेगा। सभी किसान रजिस्ट्री कैंप सुबह 7 बजे से शाम 8 बजे तक अनिवार्य रूप से संचालित किए जाने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। वहीं सभी प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी, बीडीओ एवं अंचलाधिकारी को स्वयं फील्ड में उपस्थित रहकर कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने दो टूक कहा कि प्रतिदिन शाम को अभियान की समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्थिति में कम प्रदर्शन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवश्यकतानुसार जवाबदेही तय करते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसान रजिस्ट्री अभियान को सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments