Ad Code

वार्ड 36 में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला गरमाया, आदेश के बाद भी नहीं हटा कब्जा



बक्सर । नगर परिषद बक्सर के वार्ड संख्या-36 अंतर्गत बड़ी सारीमपुर इलाके में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस पूरे प्रकरण को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वार्ड संख्या-36 की पार्षद तमन्ना खातून ने इस संबंध में समाहर्ता, बक्सर को पत्र लिखकर आदेश के अनुपालन हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की मांग की है। उन्होंने बताया कि बड़ी सारीमपुर निवासी तारा बेगम, पिता स्व. कुतुबुद्दीन खां एवं पति नवशाद खां द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर करकट का शेड लगाया गया है। इसके साथ ही गली में सीढ़ी का निर्माण कर रास्ता संकीर्ण कर दिया गया है, जिससे आसपास के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।



पार्षद ने बताया कि अतिक्रमण के कारण नाली का पानी पूरी तरह जाम हो गया है, जिससे जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे इलाके में गंदगी बढ़ने के साथ-साथ संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 18 अगस्त 2025 को बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष आवेदन दिया गया था। इस पर परिवाद वाद संख्या 530210118082506333 दर्ज हुआ और सुनवाई के बाद 27 अगस्त 2025 को अतिक्रमण हटाने का आदेश पारित किया गया। उक्त आदेश का अनुपालन नगर परिषद को करना था।

आदेश के बाद नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होने के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है।

इस मामले में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि मौके पर फोर्स भेजी गई थी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा विरोध और विवाद किया जा रहा था। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच पूरी होते ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वार्डवासी प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटे और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu