Ad Code

पारिवारिक विवाद में मां ने चार बच्चों संग खाया जहर, एक मासूम की मौत



बक्सर । राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस दर्दनाक घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि मां समेत अन्य तीन बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।



मिली जानकारी के अनुसार रसेन गांव निवासी स्वर्गीय राजकुमार चौहान की पत्नी रूबी देवी ने अपने देवर जितेंद्र चौहान से दूसरी शादी की थी। रूबी देवी के चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह से तंग आकर बुधवार दोपहर रूबी देवी ने पहले अपने चारों बच्चों को जहर खिलाया और बाद में स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी को तत्काल इलाज के लिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार इस घटना में करन कुमार की मौत हो गई है, जबकि रूबी देवी, अर्जुन कुमार और राधा कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्चे की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक के पिता जितेंद्र चौहान ने बताया कि मंगलवार की रात भी रूबी देवी से झगड़ा हुआ था और वह जहर खाने की बात कह रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया गया था।

बुधवार को जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे, उसी दौरान महिला ने खेतों में फसल पर छिड़काव में उपयोग होने वाली जहरीली दवा पी ली और बच्चों को भी पिला दी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu