बक्सर । बुधवार को भाजपा के बक्सर सदर विधायक सह पूर्व आईपीएस आनंद मिश्र ने चौसा पावर प्लांट में चल रहे विभिन्न विकासात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति, आ रही चुनौतियों और भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के क्रम में एसजेवीएन (SJVN) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने विधायक को आश्वस्त किया कि चौसा पावर प्लांट आगामी दो वर्षों के भीतर पूर्ण रूप से चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन लगाए जा रहे हैं और कार्य तेजी से प्रगति पर है।
इस अवसर पर सदर विधायक आनंद मिश्र ने अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चौसा पावर प्लांट परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में वे इस परियोजना से जुड़े श्रमिकों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के हितों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट, कंपनी के एचआर विभाग के अधिकारी,भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन,भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहे। विधायक ने कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए परियोजना से जुड़े सभी पक्षों के समन्वय से कार्य आगे बढ़ाने की बात कही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments