बक्सर । नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विश्व पुस्तक मेला में जिले के शिक्षक एवं साहित्यकार विमल कुमार सिंह ने काव्य पाठ कर जिले को गौरवान्वित किया है। विश्व पुस्तक मेला के दौरान वाणी प्रकाशन द्वारा आयोजित काव्य पाठ कार्यक्रम में उन्हें देशभर के चुनिंदा युवा कवियों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला।
जानकारी के अनुसार वाणी प्रकाशन द्वारा कविता पाठ के लिए देशभर के युवा कवियों से रचनाएं आमंत्रित की जाती हैं, जिनमें से चयनित रचनाकारों को शॉर्टलिस्ट कर मंच प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में +2 उच्च विद्यालय लाखन डिहरा में हिंदी के शिक्षक विमल कुमार सिंह का चयन हुआ। वे मूल रूप से भदार गांव के निवासी हैं और साहित्य के गंभीर अध्येता माने जाते हैं।
दिनांक 14 जनवरी को आयोजित काव्य पाठ में उन्होंने अपनी चार रचनाएं — कवि और किसान, खानाबदोश, खोकर तुझे एक दिन तथा कुत्ते की मौत — का प्रभावशाली पाठ किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
इस अवसर पर वाणी प्रकाशन के प्रबंध निदेशक अरुण माहेश्वरी तथा हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित कवि एवं इग्नू के कुलसचिव डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव ने विमल कुमार सिंह को उनकी उत्कृष्ट रचनाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी कविताएं मानवीय संवेदनाओं से ओत–प्रोत हैं और समकालीन समाज का सजीव चित्र प्रस्तुत करती हैं।
इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, युवा नेता रामजी सिंह, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन द्विवेदी सहित जिले के विभिन्न शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments