बक्सर । राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबे की छावनी–सरेंजा रोड पर लालमन डेरा गांव के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फॉर्च्यूनर वाहन से 555 लीटर महंगी विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की अहले सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मार्ग से शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चौबे की छावनी–सरेंजा रोड पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर बैरिकेडिंग की गई थी। इसी बीच जैसे ही फॉर्च्यूनर वाहन लालमन डेरा गांव के पास पहुंचा, चालक पुलिस को देख वाहन सड़क पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर रखी कई पेटियों से 555 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शराब को जब्त करते हुए वाहन को भी थाना लाया गया। शराब तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि इस सफल अभियान में एसआई सुभाष कुमार, प्रमोद कुमार, एएसआई अजय प्रसाद समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे। उन्होंने कहा कि शराब माफियाओं पर नकेल कसने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त वाहन के आधार पर फरार शराब तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments