Ad Code

होटल पार्क व्यू के मालिक रोहित सिंह का असमय निधन, आरा-बक्सर में दौड़ी शोक की लहर


आरा/बक्सर । होटल व्यवसायी रोहित सिंह के असमायिक निधन से आरा और बक्सर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार को आरा शहर के प्रतिष्ठित होटल पार्क व्यू के मालिक रोहित सिंह का अचानक निधन हो गया। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।




रोहित सिंह एक युवा एवं सफल व्यवसायी थे। उनके कुशल व्यवहार, सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे समाज के हर वर्ग में लोकप्रिय थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से परिजन, मित्र और शुभचिंतक गहरे सदमे में हैं। रोहित अपने पीछे एक पांच साल की बेटी,एक साल का बेटा,पत्नी और माता-पिता के साथ भरा पूरा परिवार छोड़ कर दुनिया को अलविदा कह गए।

बताया जाता है कि रोहित सिंह मूल रूप से बक्सर जिला के सिमरी प्रखंड अंतर्गत बलिहार गांव के निवासी थे। वे जनार्दन सिंह के पुत्र थे। लगभग तीन दशक पूर्व उनके पिता जनार्दन सिंह ने आरा शहर में पार्क व्यू नाम से होटल व्यवसाय की शुरुआत की थी, जिसे बाद में रोहित सिंह ने संभाला और अपनी मेहनत व सूझबूझ से प्रतिष्ठान को नई पहचान दिलाई।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर करीब ढाई बजे आरा स्थित अपने आवास पर स्नान करने के कुछ ही देर बाद रोहित सिंह अचानक जमीन पर गिर पड़े। घर के लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ठंड के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया होगा, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। इधर, उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों में युवाओं में हार्ट अटैक की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे समाज में चिंता भी बढ़ रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu