बक्सर । सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ शुक्रवार को नगर के सर्किट हाउस में अभिनंदन समारोह सह दही-चूड़ा मैत्री भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जेडीयू विधायक राहुल सिंह ने किया, जिसमें डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के एनडीए कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास अभियान को और गति देने का संकल्प लिया गया। साथ ही समाज के निचले पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के एनडीए कार्यकर्ताओं के अभिनंदन के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक राहुल सिंह ने करीब चार घंटे तक खड़े रहकर एक-एक कार्यकर्ता को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जेडीयू के प्रदेश स्तरीय नेता रवि उज्जवल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित करते हुए विधायक राहुल सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में जेडीयू की खोई प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित करने में सफलता मिली है। वहीं जेडीयू नेता रवि उज्जवल ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि समरस समाज की स्थापना को भी मजबूती प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में विधायक राहुल सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे डुमरांव के चौमुखी विकास के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में दही-चूड़ा मैत्री भोज का आयोजन किया गया।
समारोह में पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय ने विधायक राहुल सिंह की सोच और प्रयासों की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, जेडीयू जिलाध्यक्ष अशोक यादव,सोनू राय, भोला सिंह,अर्जुन सिंह, सीताराम सिंह, शीला चतुर्वेदी, पिंकी पाठक, संतोष दुबे, हरेंद्र सिंह, बलिराम कुशवाहा, महेंद्र राम, नरेंद्र पांडेय, अमर सिंह,रूपेश दुबे, बिरेन्द्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments