बक्सर । भारतीय सेना दिवस के अवसर पर आगामी 15 जनवरी 2026 को बक्सर में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला बक्सर की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समारोह की सफलता को लेकर पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष पूर्व सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह की अध्यक्षता में तैयारी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में बताया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेना दिवस को पूरे सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। समारोह के दौरान राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बक्सर जिले के साथ-साथ पूरे शाहाबाद प्रक्षेत्र से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, देशभक्तों एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने कहा कि भारत वीरों की धरती और जवानों का देश है। सेना दिवस न केवल हमारे सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने का भी माध्यम है। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की।
संघ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे फोर सीजन मैरेज हॉल, बक्सर-आरा मुख्य मार्ग, अहिरौली स्थित जिला पूर्व सैनिक संघ कार्यालय में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम के आयोजन में महासचिव मिथलेश कुमार यादव, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पेंशन डायरेक्टर राजबली सिंह, युवा ब्रिगेड अध्यक्ष संतोष सिंह, उपाध्यक्ष ललन तिवारी, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) तथा बक्सर सदर अनुमंडल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह सहित संघ के अन्य पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments