बक्सर । चौसा खेल मैदान पर शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत बुधवार को महिला फुटबॉल का फाइनल मुकाबला झारखंड एकादश और यूपी एकादश के बीच खेला गया। खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में यूपी एकादश ने झारखंड एकादश को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में यूपी एकादश ने बेहतर तालमेल और तेज आक्रमण का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल दागा, जिसे झारखंड की टीम अंत तक बराबरी में नहीं बदल सकी। दोनों टीमों में एक-एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी शामिल रहीं। यूपी की ओर से अबिबा और झारखंड की ओर से मनीष कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
महिला फुटबॉल फाइनल का उद्घाटन आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक मंत्री जमा खान, कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी, चेयरमैन किरण देवी एवं थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मैच का शुभारंभ किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना और अनुशासन का संदेश दिया। विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंत्री जमा खान ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, हारने वाला खिलाड़ी भी आगे चलकर जीत हासिल करता है। उन्होंने चौसा खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित कराने की घोषणा भी की। वहीं, डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिला खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है।
मैच का सफल संचालन रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रो. रमेशचंद श्रीवास्तव, इंजीनियर नितेश उपाध्याय, अधिवक्ता रामलखन पाल, डॉ. सुनील सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों का सहयोग रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments