बक्सर । बुधवार की सुबह करीब चार बजे डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर टेढ़की पुल के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालू से लदा एक तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और आस-पास मौजूद ट्रक चालक मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल 112 की पुलिस टीम ने पहुंचकर लोगाें की मदद से चालक को बाहर निकाला और डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बाद में घायल चालक के स्वजन उसे बेहतर इलाज के लिए आरा लेकर चले गए, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि घायल चालक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त डंपर और ट्रक दोनों को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments