Ad Code

मुकुंदपुर की अनु कुमारी ने विश्व कप विजेता टीम में निभाई अहम भूमिका, पीएम मोदी व राष्ट्रपति से मिली भारतीय नेत्रहीन महिला टीम, गांव में जश्न का माहौल


बक्सर । सिमरी प्रखंड के मुकुंदपुर गांव की बेटी अनु कुमारी ने भारतीय नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया है। बीते बुधवार को भारत ने नेपाल को फाइनल मुकाबले में 7 विकेट से हराकर पहला नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस गौरवशाली जीत में अनु कुमारी का योगदान पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है।




विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का अवसर भी मिला, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ा। इस उपलब्धि की खबर जैसे ही मुकुंदपुर गांव पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव में मिठाई बांटी गई और लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ अनु की सफलता का जश्न मनाया।

अनु कुमारी मुकुंदपुर गांव के सोहन चौधरी की पुत्री हैं। उनके पिता डुमरांव राज परिवार की गौशाला में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी अनु बचपन से ही कठिन परिस्थितियों के बीच पली-बढ़ी, लेकिन अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।


गांव के लोगों ने कहा कि अनु की सफलता ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि सरकार और खेल विभाग अनु कुमारी को उचित सम्मान प्रदान करेंगे, ताकि वह आगे भी देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे सकें।

अनु की विजयगाथा इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी चुनौती को जीता जा सकता है। उनकी उपलब्धि बक्सर और बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu