बक्सर । कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए बक्सर जिला प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय पहल शुरू कर दी है। अचानक बढ़े ठंड के असर से खुले में जीवन यापन कर रहे गरीब, लाचार और बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाला।
इस क्रम में सदर एसडीएम अविनाश कुमार एवं सदर डीएसपी गौरव पांडेय ने बक्सर शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन परिसर का दौरा किया। अधिकारियों ने सड़क किनारे, फुटपाथों, बस व रेलवे स्टेशन पर रहने वाले जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उनके बीच कंबलों का वितरण किया। कंबल पाकर ठंड से जूझ रहे लोगों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।
सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि शीतलहर के दौरान किसी भी जरूरतमंद को असहाय न रहने दिया जाए, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य इलाकों में भी कंबल वितरण किया जाएगा। वहीं सदर डीएसपी गौरव पांडेय ने कहा कि पुलिस-प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि ठंड के कारण किसी की जान को खतरा न हो।
प्रशासन की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। आमजन का कहना है कि इस तरह की मानवीय कोशिशें समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं और जरूरतमंदों को कठिन समय में सहारा प्रदान करती हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments