बक्सर । औद्योगिक थाना पुलिस ने मंझरिया गांव के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंझरिया गांव के समीप गंगा नदी के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। वहां नदी किनारे स्थित एक बागीचे से बोरे में भरकर शराब की खेप ले जाई जा रही थी।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद तस्कर गांव की ओर भाग खड़े हुए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, हालांकि तस्कर हाथ नहीं आ सके। पुलिस ने मौके से 24 पेटियों में भरी करीब 202 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
बरामद शराब को जब्त कर औद्योगिक थाना में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments