बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत रघुनाथपुर स्थित तुलसी आश्रम में 25 दिसंबर को श्री तुलसी पूजन दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार एवं तुलसी विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण सह पर्यावरण संरक्षण विषयक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने तुलसी के पौधे का रोपण व पूजन कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए पर्यावरण संरक्षण गतिविधि दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश ओझा ने कहा कि तुलसी पूजन प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। भारतीय जीवन-दर्शन में प्रकृति केवल उपभोग की वस्तु नहीं, बल्कि पूज्य है। हमारी सनातन संस्कृति में “तरुदेव भवः” की भावना निहित है, जहाँ वृक्ष, जल और भूमि को जीवनदायी व देवतुल्य माना गया है।
उन्होंने कहा कि श्री तुलसी पूजन दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि हिन्दू धर्म की परम्पराएँ वैज्ञानिक, लोकमंगलकारी और जीवनोपयोगी हैं। आज आवश्यकता है कि हर घर तुलसी, हर घर पौधारोपण और हर नागरिक पर्यावरण-रक्षक बनने का संकल्प ले।
पेड़ उपक्रम के सह प्रमुख नित्यानंद ओझा ने कहा कि तुलसी केवल औषधीय गुणों से युक्त पौधा ही नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज और पर्यावरण को जोड़ने वाली संस्कारशील परम्परा का केंद्र भी है।
वहीं भाजपा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक शंभू चंद्रवंशी ने कहा कि तुलसी पूजन के माध्यम से हम भावी पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण का संस्कार देते हैं और अपने घर-आँगन को संस्कृति व परम्परा का जीवंत केंद्र बनाते हैं।
विचार गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रखंड संयोजक राहुल राज सहित संतोष सिंह, संतोष साह, मिथिलेश यादव, रघुनाथपुर के मुखिया अनिल राम, विशाल सिंह, विकास परासर, धीरज कुमार, शिवशंकर साह, गोलू राज, अमित कुमार, सत्यम कुमार, कृष्णा कुमार समेत अन्य पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments