बक्सर । बक्सर जिले में गंगा नदी के किनारे पर्यटन और जल परिवहन सुविधाओं के विकास को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग अब साकार होती दिख रही है। बैकुंठपुर के नवनिर्वाचित विधायक सह पूर्व सांसद प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी द्वारा केंद्रीय जलमार्ग मंत्रालय को भेजे गए पत्र के आलोक में मंगलवार को मंत्रालय के अधिकारियों ने रामरेखा घाट से महादेवा घाट तक क्रूज़ संचालन की संभावनाओं के साथ-साथ बिहार घाट, केशोपुर घाट और चौसा के महादेवा घाट पर सामुदायिक जेट्टी निर्माण हेतु विस्तृत स्थल निरीक्षण किया।
मिथिलेश तिवारी ने पत्र में रखी थी बड़ी मांग
15 जून 2025 को केंद्रीय मंत्री सर्वानन्द सोनोवाल को भेजे गए पत्र में मिथिलेश तिवारी ने बक्सर की आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा था कि जिस प्रकार प्रयागराज में MV निषाद राज और अयोध्या में MV निषाद राज गुह्य क्रूज़ का संचालन किया जा रहा है, उसी तर्ज पर बक्सर के रामरेखा घाट से MV विश्वामित्र क्रूज़ शुरू किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा था कि बक्सर जो महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि और प्रभु श्रीराम की कर्मभूमि है ,आज भी आधारभूत संरचनाओं के अभाव में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपेक्षित पहचान नहीं बना पा रहा है। इसके अलावा नैनीजोर क्षेत्र के किसान प्रतिदिन नाव से बलिया तक जोखिम भरी यात्रा करते हैं, जिसके समाधान के लिए बिहार घाट, केशोपुर घाट और महादेवा घाट पर सामुदायिक जेट्टी का निर्माण जरूरी है।
मंत्रालय ने की कार्रवाई, किया स्थल निरीक्षण
मिथिलेश तिवारी के अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय जलमार्ग मंत्रालय की टीम ने आज बक्सर पहुंचकर रामरेखा घाट, बिहार घाट, केशोपुर घाट और महादेवा घाट का निरीक्षण किया। मंत्रालय ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि क्रूज़ संचालन और जेट्टी निर्माण की यह पहल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देगी, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाएगी और गंगा पार कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
स्थानीय लोगों में उत्साह, मिथिलेश तिवारी को बधाइयां
जैसे ही निरीक्षण की खबर सामने आई, बक्सर और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने मिथिलेश तिवारी के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया है। लोगों का मानना है कि बक्सर में क्रूज़ सेवा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और जिले का आर्थिक विकास भी तेजी से होगा। बक्सर में गंगा तटों के विकास से जुड़ी यह पहल आने वाले समय में जिले की तस्वीर बदल सकती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments