Ad Code

बक्सर में दो पक्षों में भिड़ंत के बीच एसिड अटैक, चार युवक गंभीर रूप से झुलसे



बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मुखबिरी के शक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और हाथापाई के दौरान किसी ने अचानक एसिड फेंक दिया। इस हमले में चार युवक बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।



जानकारी के अनुसार सतीश वर्मा, जो सिविल लाइन मोहल्ले में सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं, उनकी दुकान के पास सोमवार को टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान कुछ आपराधिक तत्व मौके से फरार हो गए। आरोप है कि इन अपराधियों को दुकानदार पर पुलिस की मुखबिरी का शक हुआ। मंगलवार सुबह वे लोग दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से गाली-गलौज की। दुकानदार ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे दी।

सूचना देने से नाराज आरोपित दोपहर में फिर दुकान पर पहुंचे और दुकानदार की पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच अचानक किसी ने एसिड फेंक दिया, जिसकी चपेट में आसपास मौजूद चार युवक आ गए।


घायल युवकों की पहचान

एसिड अटैक में झुलसे लोगों में बिट्टू रजक, माही वर्मा (दुकानदार परिवार का सदस्य), आदित्य सिंह और राज चौहान शामिल हैं। चारों को एसिड से गंभीर जलन हुई है। एसिड आखिर किसने फेंका, इसे लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो आज खतरनाक रूप ले बैठा। मारपीट के दौरान किसी ने एसिड फेंका है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। घनी आबादी वाले इलाके में हुए इस एसिड अटैक से स्थानीय लोग दहशत में हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu