बक्सर । राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर करैला डेरा गांव के समीप रविवार को अनियंत्रित बाइक से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को सदर अस्पताल गेट के सामने रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाया।
मृतक के चाचा दीपक कुमार ने बताया कि अभिषेक कुमार रामपुर स्थित विश्वनाथ फ्यूल सर्विस सेंटर पर नोजल मैन के रूप में पिछले करीब आठ वर्षों से कार्यरत था। रविवार को दोपहर करीब 12 बजे तक वह अपने सहकर्मी हर गोविंद राम के साथ काम कर रहा था।
इसके बाद पिपराढ़ गांव निवासी सुधाकर राय नामक व्यक्ति को छोड़ने के लिए वह बाइक से उसके गांव गया था। लौटते समय करैला डेरा गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर किया गया। सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से बाइक को कब्जे में लेकर थाना लाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments