बक्सर । शनिवार को रेलयात्री कल्याण समिति का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह से उनके पैतृक गांव धरौली में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराते हुए इन्हें अपने स्तर से रेल मंत्रालय तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल में ओमप्रकाश सिंह, दीनेश्वर सिंह, सोनू उपाध्याय, कमलेश सिंह, उमेश कुमार सिंह, अभिजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने लिखित एवं मौखिक रूप से रेल मंडल की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखा।
समिति द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगों में बताया गया कि दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत पटना से डीडीयू के बीच रेलकर्मियों के लिए एकमात्र बक्सर रेल अस्पताल है, जो जर्जर स्थिति में है। अस्पताल में न तो पर्याप्त डॉक्टर हैं और न ही स्वास्थ्यकर्मी। जांच, एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। बारिश के मौसम में अस्पताल की छत टपकती है। ऐसे में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए रेल अस्पताल के निर्माण की मांग की गई।
इसके अलावा बक्सर स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने के कार्य में तेजी लाने तथा स्टेशन परिसर में महर्षि विश्वामित्र की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी गई।
डुमरांव स्टेशन पर पटना–कोटा एक्सप्रेस के नियमित ठहराव, टुड़ीगंज स्टेशन पर टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस एवं पटना–बक्सर फास्ट पैसेंजर के ठहराव, तथा रघुनाथपुर स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस और काशी–पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और रेल सुविधाओं में सुधार होगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उचित माध्यम से रेल मंत्रालय तक समस्याएं पहुंचाने का आश्वासन दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments