Ad Code

युवा नेता दीपक यादव ने बक्सर एसपी को सौंपा 7 सूत्री मांग पत्र



बक्सर । डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और प्रभावहीन निगरानी व्यवस्था को लेकर युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं नेता दीपक यादव ने रविवार को पुलिस अधीक्षक बक्सर को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को विस्तार से उठाते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की।

दीपक यादव ने बताया कि डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शा और टेंपो चालकों द्वारा अवैध ठहराव कर लिया गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे आए दिन जाम और दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है, साथ ही एंबुलेंस व अन्य आपात सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होती है। उन्होंने इस क्षेत्र में तत्काल अतिक्रमण हटाकर निर्धारित स्टैंड और नो-पार्किंग जोन लागू करने की मांग की।



मांग पत्र में डुमरांव बाजार के मेन रोड स्थित स्टेट बैंक के पास स्थायी जाम की समस्या को भी गंभीर बताया गया। एक ही भवन में कई बैंक और मैरिज हॉल संचालित होने के बावजूद पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर अवैध पार्किंग होती है। उन्होंने अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई और भवन प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की।

महिला सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए दीपक यादव ने डुमरांव थाना अंतर्गत महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय एवं संवेदनशील बनाने, महिला शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों व हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने बढ़ते साइबर अपराध पर चिंता जताते हुए साइबर ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड पर रोक के लिए सख्त निगरानी, त्वरित कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की। डुमरांव अनुमंडल में एक स्वतंत्र साइबर थाना की स्थापना को भी उन्होंने आवश्यक बताया, जिससे पीड़ितों को जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े।


मांग पत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह, धमकी और साम्प्रदायिक तनाव फैलाने वालों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी संचालन, मरम्मत और नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था लागू करने की मांग भी शामिल है।
दीपक यादव ने कहा कि डुमरांव की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और उसका स्पष्ट परिणाम चाहती है। वहीं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव कार्रवाई का भरोसा दिलाया।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu