बक्सर । सूबे में वर्ष 2026 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर भले ही अभी औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई हो, लेकिन बक्सर जिले के ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता ने आमजन के बीच चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सिमरी पश्चिमी जिला परिषद क्षेत्र से इस बार पूर्व जिला परिषद चेयरमैन कमला देवी के पुत्र एवं जिले के प्रतिष्ठित व्यवसायी संजीव सिंह के जिला परिषद पद से चुनाव लड़ने की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि दियारा क्षेत्र में संजीव सिंह की लगातार बढ़ती सक्रियता और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को लोग चुनावी तैयारी के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, संजीव सिंह की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनके समर्थकों का दावा है कि वे जनता की मांग पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
करीब दो दशक पहले बलिहार गांव निवासी कमला देवी ने इसी सिमरी पश्चिमी जिला परिषद क्षेत्र से चुनाव जीतकर न सिर्फ जिला परिषद सदस्य बनी थीं, बल्कि बाद में जिला परिषद चेयरमैन का दायित्व भी संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान दियारा क्षेत्र में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ था। उस समय उन्हें सरकार की ओर से लाल बत्ती लगी वाहन और सुरक्षा के लिए बॉडीगार्ड की सुविधा भी मिली थी, जो उस दौर में एक बड़ी पहचान मानी जाती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कमला देवी के कार्यकाल में दियारा क्षेत्र में विकास की जो नई लकीर खिंची थी, उसकी चर्चा आज भी गांव-गांव में होती है। वहीं, उनके बाद चुने गए प्रतिनिधि उस विकास की गति को आगे बढ़ाने में सफल नहीं हो सके। यही वजह है कि अब एक बार फिर उसी परिवार से नेतृत्व की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि संजीव सिंह चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो उन्हें अपनी मां के पुराने कार्यों और पारिवारिक राजनीतिक विरासत का लाभ मिल सकता है। साथ ही उनका व्यवसायिक अनुभव और स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ उन्हें अन्य दावेदारों पर बढ़त दिला सकती है। फिलहाल, क्षेत्र की जनता की निगाहें संजीव सिंह के अगले कदम पर टिकी हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments