बक्सर । इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित ग्लोबल विजडम स्कूल द्वारा वाराणसी एवं 84 घाटों का शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक प्रकाश पाण्डेय ने हरि झंडी दिखाकर भ्रमण दल को रवाना किया। भ्रमण में विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय के साथ कुल 34 छात्र-छात्राएं शामिल थे।
भ्रमण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ बच्चों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। वाराणसी पहुंचने पर पौराणिक और ऐतिहासिक घाटों के दर्शन को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। शैक्षणिक भ्रमण के तहत 84 घाटों का अवलोकन कराया गया, जिनमें प्रमुख रूप से दशाश्वमेध घाट, मणिकर्णिका घाट, नमो घाट और असी घाट शामिल थे।
वाराणसी पहुंचने पर घाट परिसर में विद्यालय के उपनिर्देशक अमित पाण्डेय ने पुष्पवर्षा कर बच्चों एवं शिक्षकों का स्वागत किया। इसके बाद बच्चों ने घाटों का भ्रमण करते हुए वाराणसी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बच्चों को केदार मंदिर का दर्शन भी कराया गया, जहां सभी ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
भ्रमण के क्रम में बच्चों ने असी घाट पर विशेष आनंद लिया। यहां नाव पर ही भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने आनंद उठाया। सायंकाल नमो घाट पर आयोजित बनारस–तमिल संस्कृति मेले का भी बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। इस मेले में बच्चों ने वाटर गेम्स, स्काई टॉवर सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया।
नमो घाट पर उपलब्ध विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद प्रधानाचार्या, शिक्षक एवं बच्चों ने एक साथ लिया, जिससे भ्रमण और भी यादगार बन गया। बच्चों की विशेष मांग पर अंत में दीन दयाल पार्क का भी भ्रमण कराया गया।
पूरा शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, मनोरंजक और सांस्कृतिक अनुभव से भरपूर रहा। अंत में सभी छात्र-छात्राएं “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ सुरक्षित बक्सर के लिए रवाना हुए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments