बक्सर । जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कृतपुरा गांव में सोमवार को श्री रणछोड़दासजी बापु चैरिटेबल हॉस्पिटल, राजकोट के तत्वावधान में निशुल्क सबसे बड़े मोतियाबिंद महाशिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन विश्व प्रसिद्ध परम पूज्य भक्तमाली मामा जी महाराज की पुत्री सिया जी द्वारा रणछोड़दासजी बापु के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस महाशिविर का उद्देश्य बिहार के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लगभग 50 हजार लोगों को आधुनिक तकनीक से निशुल्क नेत्र उपचार उपलब्ध कराना है। आयोजकों के अनुसार यह शिविर आगामी 31 मार्च 2026 तक अनवरत चलेगा, जिसमें बक्सर जिला ही नहीं बल्कि पूरे बिहार एवं उत्तर प्रदेश के लोग पहुंचकर इसका लाभ ले सकते हैं।
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रवीणभाई वसाणी ने बताया कि यह शिविर परम पूज्य श्री रणछोड़दासजी बापु के जीवन संदेश — “मरीज मेरे भगवान हैं” तथा “मुझे भूल जाना, पर नेत्रयज्ञ को नहीं भूलना” — को साकार करने का प्रयास है। इसी भावना से प्रेरित होकर यह विशाल नेत्रयज्ञ आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर में आधुनिक फेको मशीन के माध्यम से बिना टांके मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाएगा। मरीजों को उच्च गुणवत्ता का सॉफ्ट फोल्डेबल लेंस पूरी तरह नि:शुल्क लगाया जाएगा, जिससे दृष्टि सुरक्षित और शीघ्र लौट सके। यदि किसी मरीज की दोनों आंखों में मोतियाबिंद है, तो एक माह के अंतराल पर दूसरी आंख का भी ऑपरेशन किया जाएगा।
शिविर में मरीजों के लिए जांच, ऑपरेशन, दवा, नाश्ता, भोजन और ठहरने की पूरी व्यवस्था नि:शुल्क की गई है। मरीज के साथ एक परिजन के रहने और खाने की भी सुविधा है। उपचार के बाद मरीजों को अन्न एवं वस्त्र देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी तथा प्रत्येक मरीज की आरती उतारकर भावनात्मक सम्मान किया जाएगा।
जांच व ऑपरेशन की व्यवस्था
रजिस्ट्रेशन एवं जांच के लिए लक्ष्मीपुर चिराग संस्था के समीप 14 बीघा जमीन में विशाल टेंट लगाया गया है। ऑपरेशन कृतपुरा मंदिर सह मैरेज हाल परिसर में 10 अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा है। प्रत्येक मरीज को लगभग तीन दिन शिविर में रहना होगा।
उद्घाटन समारोह में राजपुर विधायक संतोष निराला, हुलास पांडेय, बबन राय, राघवेंद्र राय, सोनू राय, मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र प्रजापति, शिवजी यादव, जितेंद्र राय, गणेशदत्त मिश्रा, मदन राय, ललनारायण राय, जयमंगल मिश्रा, खड्गधारी शर्मा, भालचंद मिश्रा, रामावतार यादव, रामप्रवेश यादव, कोतवाल यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन अशोक मिश्रा ने किया।
आम जनता से अपील
आयोजकों ने मोतियाबिंद से पीड़ित जरूरतमंद लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाएं और इस जानकारी को अपने गांव–समाज तक पहुंचाकर दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति आंखों की रोशनी से वंचित न रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments