Ad Code

बक्सर में हेरोइन की बड़ी खेप बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये



बक्सर । गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार की रात राज्य एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में बक्सर पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों में एक असम का कुख्यात हेरोइन तस्कर शामिल है। पुलिस के अनुसार जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि राज्य एसटीएफ को सूचना मिली थी कि असम से हेरोइन की बड़ी खेप बक्सर लाई जा रही है। इसके बाद बक्सर पुलिस को अलर्ट किया गया और डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने डुमरांव रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया।



पूछताछ में उसकी पहचान असम के होजाई जिले के लंका निवासी प्रेमा पंडित के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से पालिथीन में पैक 322 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में उसने बताया कि यह मादक पदार्थ उसे असम के लंका निवासी राजू शिकारी उर्फ कृष्णा शिकारी ने उपलब्ध कराया था, जिसे बक्सर के सिमरी थाना क्षेत्र के दुधीपट्टी निवासी उमाकांत गुप्ता तक पहुंचाना था।

प्रेमा पंडित की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल दुधीपट्टी निवासी उमाकांत गुप्ता के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके घर से 158 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने उमाकांत गुप्ता को भी गिरफ्तार कर नया भोजपुर थाना लाया, जहां दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज किया गया।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में उमाकांत गुप्ता ने स्वीकार किया कि उसने जब्त हेरोइन करीब 70 लाख रुपये में खरीदी थी और वह बक्सर जिले में छोटे-बड़े तस्करों को इसकी आपूर्ति करता था। इस कार्रवाई से जिले में फैले हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसे ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि गिरफ्तार तस्कर प्रेमा पंडित के खिलाफ असम के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका नाम असम पुलिस के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल है।

तेज और प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसपी ने टीम को पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा की है। इस टीम में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के साथ डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआई सुमन कुमार, एएसआई गुलो तांती, एएसआई मो. शाहिद, पीटीसी विनय कुमार सहित नया भोजपुर व डीआईयू टीम के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu