बक्सर । जिले के चक्की प्रखंड अंतर्गत चक्की लक्ष्मण डेरा गांव के लिए यह गर्व का क्षण है। गांव के होनहार युवक रविशंकर यादव ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रविशंकर यादव के पिता तिलेश्वर यादव और माता फूलवंती देवी हैं। देशसेवा की परंपरा उनके परिवार में पहले से ही है, क्योंकि उनके बड़े भाई सुशील यादव भारतीय नौसेना (नेवी) में सेवाएं दे रहे हैं।
रविशंकर ने प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल से मैट्रिक तथा डीएवी स्कूल, पटना से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद राजधानी पटना में रहकर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। कड़ी मेहनत और लगन का ही परिणाम रहा कि वर्ष 2021 में एनडीए में उनका चयन हुआ और कठिन प्रशिक्षण के बाद शनिवार को उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त हुआ।
इस संबंध में उनके चाचा एवं सिविल कोर्ट के अधिवक्ता अमित यादव ने बताया कि रविशंकर की सफलता से पूरे चक्की गांव को गर्व है। उन्होंने कहा कि रविशंकर ने यह सिद्ध कर दिया कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी कड़ी मेहनत और अनुशासन से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
रविशंकर यादव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े भाई और पूरे परिवार को दिया। उन्होंने बताया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए वे प्रतिदिन लगभग 15 घंटे पढ़ाई करते थे।
अपनी सफलता पर रविशंकर ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य देश की सेवा करना है। साथ ही उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ यदि लक्ष्य पर डटे रहें तो सफलता अवश्य मिलती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments