बक्सर । चौसा खेल मैदान पर शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। खचाखच भरे स्टेडियम में बक्सर और गाजीपुर की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद टाइब्रेकर में गाजीपुर ने बक्सर को 4-2 से पराजित कर शेरशाह सूरी शील्ड पर कब्जा जमाया।
मैच की शुरुआत से ही बक्सर की टीम आक्रामक मूड में नजर आई। पहले हाफ में बेहतरीन तालमेल और तेज पासिंग के दम पर बक्सर ने बढ़त बनाते हुए शानदार गोल दागा। इसके बाद गाजीपुर ने बराबरी के लिए कई हमले किए, लेकिन बक्सर की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उन्हें नाकाम कर दिया।
दूसरे हाफ में गाजीपुर की टीम बदले हुए तेवर के साथ मैदान पर उतरी। लगातार दबाव बनाते हुए टीम ने अंतिम क्षणों में शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मैच का फैसला टाइब्रेकर से हुआ, जहां गाजीपुर के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम और सटीक निशानेबाजी दिखाते हुए जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि मास्टर सैयद कमाल, समाजसेवी फैजुल्ला अंसारी, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. रामबचन यादव एवं थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक विकास को बढ़ावा देते हैं। मैच का सफल संचालन रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रो. रमेशचंद श्रीवास्तव, इंजीनियर नितेश उपाध्याय, अधिवक्ता रामलखन पाल, डॉ. सुनील सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments