बक्सर । जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया। घटना में मां और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर गांव निवासी सुनील कुमार की 30 वर्षीय पत्नी सविता देवी ने मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया और अपने बच्चों को भी खिला दिया।
परिजनों ने तत्काल सभी को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल, बक्सर रेफर किया गया।
इलाज के दौरान सविता देवी, उनकी पांच वर्षीय बेटी ज्योति और तीन वर्षीय बेटा आकाश ने दम तोड़ दिया। वहीं, 12 माह का बेटा विकास गंभीर हालत में है, जिसे चिकित्सकों ने पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है।
पति सुनील कुमार ने बताया कि सविता कुछ दिनों से मोबाइल फोन मांग रही थी। मंगलवार को जब उन्होंने फोन नहीं दिया, तो उसने यह कदम उठा लिया। उन्होंने बताया कि सविता उनकी तीसरी पत्नी थी — इससे पहले दो पत्नियों की मृत्यु हो चुकी है। पहली पत्नी से हुई बेटी ज्योति की भी इस हादसे में मौत हो गई।
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सरस्वती चंद्र मिश्रा ने बताया कि सभी ने कीटनाशक का सेवन किया था। 12 माह के बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments