बक्सर । राजपुर थाना क्षेत्र के जलहरा–कौवा खोंच मुख्य पथ पर अहियापुर गांव के पास रविवार की शाम हुए सड़क हादसे में 65 वर्षीय महेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार रसेन पंचायत के श्यामपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह और रोहतास जिले के भगतगंज गांव निवासी विकास यादव किसी रिश्तेदार के घर अहियापुर गांव आए हुए थे। श्राद्ध कर्म में शामिल होने के बाद दोनों एक ही बाइक से जलहरा की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव से बाहर निकले, जलहरा दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। हादसा देखते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और मौके पर भीड़ जुट गई। इस बीच बोलेरो चालक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को राजपुर सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सदर अस्पताल बक्सर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने महेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातमी माहौल छा गया। गंभीर रूप से घायल विकास यादव को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। अपर थाना अध्यक्ष शिवकुमार मंडल ने बताया कि बोलेरो और बाइक को जब्त कर थाने लाया गया है। वाहन संख्या के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments