बक्सर । कार्तिक शुक्ल द्वितीया के अवसर पर गुरुवार को पुराना सदर अस्पताल रोड स्थित भगवान चित्रगुप्त के प्राचीन मंदिर में श्री चित्रगुप्त परिवार मंच, बक्सर के तत्वावधान में श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम का शुभारंभ गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। पंडित रामप्रकाश ओझा ने मुख्य यजमान के रूप में मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कराई। श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त को कलम-दवात, फल, मेवा एवं मिठाई का भोग अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और ज्ञान की कामना की। पूजा उपरांत महाप्रसाद वितरण किया गया।
मंच के कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण वर्मा ने बक्सरवासियों को गोवर्धन पूजा, भैया दूज एवं चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त पूजा ज्ञान, न्याय और लेखांकन का प्रतीक पर्व है, जो समाज में सत्यनिष्ठा और सदाचार का संदेश देता है।
वहीं मीडिया प्रभारी साकेत कुमार श्रीवास्तव उर्फ चंदन कुमार ने बताया कि भगवान चित्रगुप्त की आराधना से साहस, शौर्य और ज्ञान की प्राप्ति होती है। इस दिन चित्रांश समाज के लोग कलम-दवात की पूजा के साथ वर्षभर के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करते हैं।
संध्या में 6 बजे महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस मौके पर मनोज कुमार श्रीवास्तव, मनीष सिन्हा, शिव कृपाल दास, मनन श्रीवास्तव, निशांत श्रीवास्तव, उमेश सिन्हा, गुड्डू लाल, सूडडू श्रीवास्तव, जितेन्द्र कुमार सिन्हा, संकेत श्रीवास्तव, मुन्ना ओझा सहित मंच के पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय चित्रगुप्त महाराज की” के जयघोष से गूंजता रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments