बक्सर/ राजपुर । आगामी 6 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए गठबंधन ने जनसंपर्क अभियान को और तेज़ कर दिया है। एनडीए प्रत्याशी संतोष निराला लगातार क्षेत्र के गांव-गांव, टोले-टोले जाकर जनता से मिल रहे हैं, संवाद स्थापित कर रहे हैं और विजय का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
जनसंपर्क के दौरान संतोष निराला को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। जगह-जगह उनका स्वागत फूल-मालाओं से किया जा रहा है और लोग उनके पक्ष में समर्थन जताते नज़र आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “राजपुर की जनता का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। हम शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए राजपुर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिए हैं।”
एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ता भी पूरे जोश के साथ जनसंपर्क में जुटे हैं। सोमवार को इटाढ़ी प्रखंड के बसाव कला पंचायत के बाराडीह, ठाकुरपुरा, विक्रम इंग्लिश पंचायत के गोपुर और गिरधरपुर, साथ ही निहालपुर, कड़सर, इंरपुर, मोहनपुर, पुरापुर और लोधास समेत कई गांवों में कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया।
ग्रामीणों ने इस दौरान शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी समस्याएँ साझा कीं और स्थायी विकास की उम्मीद जताई। कार्यकर्ताओं ने जनता से अपील की कि वे आगामी चुनाव में विकास और स्थिरता के प्रतीक एनडीए गठबंधन को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र की प्रगति को और गति मिल सके।
इसी क्रम में लोधास गांव स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित श्री हरि कीर्तन कार्यक्रम में भी एनडीए परिवार के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। श्री ज्योति कुशवाहा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भक्ति और श्रद्धा के साथ भाग लिया। हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने समाज में प्रेम, एकता और सेवा की भावना को बनाए रखने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
राजपुर विधानसभा में एनडीए के इस जनसंपर्क और धार्मिक कार्यक्रमों में उमड़ा उत्साह इस बात का संकेत दे रहा है कि संतोष निराला के नेतृत्व में गठबंधन का जनाधार लगातार मजबूत होता जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments