बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमहरिया गांव में मंगलवार की सुबह एक ई-रिक्शा चालक रहस्यमय परिस्थितियों में बेहोश अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने जब उसे देखा तो उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शंभु भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के बड़का खेत गांव निवासी संतोष यादव उर्फ गुड्डू यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संतोष सोमवार को रोज की तरह बक्सर में ई-रिक्शा चलाने के लिए निकला था। रात करीब आठ बजे उसने घर पर अंतिम बार फोन किया था, जिसके बाद से उसका संपर्क टूट गया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उसे खेत में बेहोशी की हालत में पाया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से ई-रिक्शा, मोबाइल और पैसा गायब है। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को बुरी तरह पीटा गया है, उसका जबड़ा टूट गया है और वह फिलहाल बोलने में असमर्थ है। थानाध्यक्ष शंभु भगत ने कहा कि मामले की जांच जारी है। पीड़ित के बयान के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना लूट की है या किसी पुरानी रंजिश का परिणाम। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments