बक्सर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे “सेवा पखवाड़ा” (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के तहत पूर्व IPS अधिकारी एवं भाजपा नेता आनन्द मिश्र ने रविवार को महिलाओं और बालिकाओं हेतु विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” (SNSPA) का हिस्सा है।
इस मौके पर आनन्द मिश्र ने कहा कि “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत को मजबूत और सक्षम बनाने का आंदोलन है। राष्ट्रीय पोषण माह का साथ में आरंभ इस बात का प्रतीक है कि सरकार समग्र स्वास्थ्य और पोषण पर गंभीरता से कार्य कर रही है। एक स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार की नींव है और सशक्त परिवार ही समृद्ध समाज की आधारशिला है।”
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” के विज़न का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह महज़ सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसमें निजी संस्थानों, स्थानीय समुदायों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
आयोजित शिविर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए रक्तचाप, मधुमेह, रक्त जांच, एनीमिया, टीबी, सिकल सेल रोग की जांच, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच तथा बच्चों के टीकाकरण जैसी सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
अपने संबोधन में आनन्द मिश्र ने युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान के “दूत” बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देना ही सुरक्षित परिवार और सशक्त भारत की नींव है।
गौरतलब है कि “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” और राष्ट्रीय पोषण माह के तहत देशभर में हजारों स्वास्थ्य शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे व्यापक स्तर पर आमजन को लाभ पहुँच रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...























0 Comments