Ad Code

सिमरी में श्रीराम कथा महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ, राज्यपाल संग मंच पर दिखे भाजपा नेता प्रदीप राय; ब्रह्मपुर की सियासत में हलचल


बक्सर । ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सिमरी स्थित माँ कालरात्रि मंदिर परिसर में सोमवार से नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव की शुरुआत हुई। प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य श्री राजन जी महाराज के प्रवचन के उद्घाटन समारोह में बिहार के महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे। राज्यपाल के साथ मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप राय की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दिया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से हुआ। माँ कालरात्रि सेवा समिति ने राज्यपाल का पारंपरिक स्वागत अंगवस्त्र और पुष्पहार पहनाकर किया। राज्यपाल ने इस मौके पर कहा—“श्रीराम कथा केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह हजारों वर्षों से हमें मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देती आई है।”

स्थानीय राजनीति के जानकार मानते हैं कि राज्यपाल की मौजूदगी तो संवैधानिक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन उनके साथ मंच साझा कर रहे भाजपा नेता प्रदीप राय की उपस्थिति ने ब्रह्मपुर सीट के सियासी समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है। राय को एनडीए गठबंधन से इस सीट पर मजबूत दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में धार्मिक मंच पर उनकी सक्रियता चुनावी रणनीति का हिस्सा समझी जा रही है।


ग्रामीणों और समर्थकों के बीच यह संदेश गया है कि प्रदीप राय न केवल राजनीतिक बल्कि धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विपक्षी खेमे में इसे लेकर हलचल है और माना जा रहा है कि आने वाले चुनाव में ब्रह्मपुर का मुकाबला और भी रोचक हो सकता है।


रामकथा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्री राजन जी महाराज प्रवचन देंगे। वहीं, 2 अक्टूबर को सामूहिक विवाह महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार शामिल होंगे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu