Ad Code

डुमरांव में पुजारी से मारपीट करने वाले शख्स की हुई पहचान, आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ एसपी ने की कार्यवाई



बक्सर । जिले के डुमरांव में बीते 15 सितम्बर को हुई एक घटना में पुजारी की पिटाई और पिस्टल लहराने के मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान पुलिसकर्मी रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार लाखन डिहरा गाँव के निवासी पुजारी राहुल चौबे मोबाइल मरम्मत कराने बाजार आए थे। इसी दौरान बाइक खड़ी करने को लेकर उनकी कहासुनी बाइक सवार पुलिसकर्मी रवि कुमार से हो गई। मामूली विवाद इतना बढ़ा कि सिपाही ने सड़क पर ही पुजारी को घूंसे मारने शुरू कर दिए और फिर पिस्टल निकाल कर धमकाने लगा। आरोप है कि उसने पिस्टल कनपटी पर सटाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने डुमरांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और वीडियो की जांच के बाद आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया।


एसपी शुभम आर्य ने कहा कि “कानून सबके लिए समान है। किसी भी पद या पदाधिकारी के गार्ड होने से किसी को भी कानून तोड़ने की छूट नहीं मिल सकती।”

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया और मांग की कि ऐसे मनबढ़ सरकारी कर्मियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं ताकि आम जनता के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं दोबारा न हों।

फिलहाल आरोपी रवि कुमार के खिलाफ आगे की कार्रवाई एफआईआर दर्ज होने के बाद की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu