Ad Code

श्रीरामलीला समिति, बक्सर के विजयादशमी महोत्सव के सातवें दिन ‘फुलबगीया’ और ‘मीरा चरित्र’ का हुआ दिव्य मंचन



बक्सर । श्रीरामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में नगर के विशाल रामलीला मंच पर चल रहे 22 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के सातवें दिन शनिवार की रात श्रद्धालुओं ने भक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत अद्भुत मंचन का आनंद लिया। वृंदावन से पधारी श्री राधा माधव रासलीला एवं रामलीला संस्थान ने स्वामी श्री सुरेश उपाध्याय ‘व्यास जी’ के कुशल निर्देशन में ‘पुष्प वाटिका प्रसंग’ का सजीव मंचन प्रस्तुत किया।

लीला में दिखाया गया कि कैसे जनकपुर में श्रीराम और लक्ष्मण के आकर्षक स्वरूप ने नगरवासियों को मोहित कर दिया। अष्टसखी संवाद के दौरान सखियों ने दोनों राजकुमारों के सौंदर्य और शौर्य का वर्णन किया। इसी बीच सीता ने गिरिजा पूजन कर योग्य वर की कामना की, जिस पर आकाशवाणी हुई कि उनकी मनोकामना पूर्ण होगी। इस अद्भुत दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा।


इसके पूर्व दिन के सत्र में ‘मीरा चरित्र’ का मंचन हुआ। इसमें मीरा बाई के पूर्वजन्म की कथा से लेकर उनके भक्ति जीवन तक की गाथा को जीवंत किया गया। कथा में दिखाया गया कि कैसे मीरा ने बचपन से ही गिरधर गोपाल को अपना सब कुछ मान लिया और विवाह उपरांत भी विपरीत परिस्थितियों व यातनाओं के बावजूद भक्ति से विचलित नहीं हुईं। अंततः वृंदावन जाकर मीरा को गिरधर गोपाल के साक्षात दर्शन होते हैं। यह प्रसंग दर्शकों की आंखें नम कर गया।

कार्यक्रम में समिति के सचिव बैकुण्ठ नाथ शर्मा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी व सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मंचन के दौरान भक्तिमय वातावरण में दर्शक बार-बार भक्ति और आस्था में डूबते नजर आए।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu