बक्सर/ब्रह्मपुर । तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने बुधवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बक्सर जिला प्रभारी मंत्री नितिन नवीन से भेंट की। उन्होंने ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों और तुलसी आश्रम रघुनाथपुर के विकास को लेकर छह सूत्री मांग पत्र सौंपा।
शैलेश ओझा ने कहा कि तुलसी आश्रम रघुनाथपुर धार्मिक, दार्शनिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यही वह पावन स्थान है, जहाँ गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस के उत्तरकांड की रचना की थी। आश्रम की 4 एकड़ 63 डिसमिल जमीन शाहाबाद गजेटियर में भी दर्ज है। यहां राम-जानकी मंदिर और हाल ही में स्थापित महाकालेश्वर मंदिर के कारण धार्मिक गतिविधियां निरंतर बढ़ रही हैं। बावजूद इसके, आश्रम तक आने वाली सड़क की दुर्दशा श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है।
श्री ओझा ने मंत्री के समक्ष राजपुर–पिपराढ मार्ग, कैथी–रघुनाथपुर मार्ग और ब्रह्मपुर चौरा से मंदिर मार्ग की जर्जर हालत का मुद्दा उठाया।
उन्होंने मांग की कि तुलसी आश्रम को रामायण सर्किट का हिस्सा बनाया जाए, आश्रम की भूमि की मापी एवं घेराबंदी हो, चारों ओर पक्की सड़क का निर्माण किया जाए, तुलसीदास का भव्य स्मारक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मानस पुस्तकालय, बच्चों का पार्क और विवाह मंडप का निर्माण किया जाए। साथ ही तुलसी सरोवर के चारों तरफ पक्के घाट, वेपर लाइट और मंदिर का सौंदर्यीकरण कराया जाए।
इसके अतिरिक्त बाबा बरमेश्वर नाथ से तुलसी आश्रम तक एक कॉरिडोर बनाने की भी मांग रखी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर तुलसी आश्रम को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया गया तो इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments