बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत नियाज़ीपुर गाँव में महावीर पूजा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में इस वर्ष भी महावीर पूजनोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस धार्मिक उत्सव के साथ ही 3 दिवसीय विराट खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों के प्रतिभागी अपनी कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोज पाठक ने बताया कि यह महावीर पूजनोत्सव पिछले 47 वर्षों से श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन शरद पूर्णिमा के दो दिन पूर्व से शुरू होगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली टीमों को ट्रॉफी, मेडल और अन्य आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
खेल कार्यक्रम का विवरण:
5 अक्टूबर 2025: राज्य स्तरीय विराट घोड़ा दौड़ शील्ड प्रतियोगिता (नंकद, दो दाँत एवं पाठा घोड़ा – अलग-अलग रेस)
6 अक्टूबर 2025: संपूर्ण खेल-कूद प्रतियोगिता – 5000 मी., 3000 मी., 1600 मी., 800 मी., 400 मी., 100 मी., लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक आदि
7 अक्टूबर 2025: विराट दंगल और पुरस्कार वितरण के साथ महावीर पूजनोत्सव
समिति के पदाधिकारी मार्कण्डेय पाठक ने बताया कि इस दंगल में बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के पहलवान भी हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय परंपरा और व्यायाम की संस्कृति से जोड़ना है।
महावीर पूजा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा कि इस आयोजन का लक्ष्य सिर्फ धार्मिक आस्था को जीवित रखना नहीं बल्कि खेलों के माध्यम से युवाओं में जोश और उत्साह का संचार करना भी है। पूरे गांव और आसपास के इलाकों में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग सक्रिय रूप से तैयारियों में शामिल हैं। यह महोत्सव न केवल धार्मिक महत्व को उजागर करेगा बल्कि खेलों के माध्यम से सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...























0 Comments